नई दिल्ली: महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी ऐप के खिलाफ सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पिछले कुछ दिनों में छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों की तलाशी ली। इस दौरान कई जगहों पर लाइव बेटिंग और जुए के पैनल चलते मिले, जिन्हें मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
CBI के मुताबिक, छापेमारी के दौरान डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। इन दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए सट्टेबाजी से हासिल रकम को इधर-उधर करने के संकेत मिले हैं।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आया नेटवर्क
CBI की यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर की गई। सौरभ को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।
पूछताछ के दौरान सौरभ ने कथित तौर पर इस प्लेटफॉर्म के काम करने के तरीके और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां दीं। जांच एजेंसी ने उससे जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल सबूतों के आधार पर भी पूछताछ की।
विदेश से चलता था ऐप का मुख्य नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक ऐप का संचालन विदेश में स्थित मुख्यालय से किया जाता था, जबकि भारत में इसका काम बड़े पैमाने पर फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क के जरिए चलता था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाते थे और सट्टेबाजी के लिए मिलने वाली रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराते थे, जिन्हें दूसरे लोगों के नाम पर विशेष रूप से खुलवाया जाता था या किराये पर लिया जाता था। इसके बाद सट्टेबाजी से होने वाले मुनाफे को हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजा जाता था।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में सौरभ चंद्राकर
पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अन्य आरोपियों और सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की जांच
CBI ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार से जांच अपने हाथ में लेने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक मामले में दो FIR दर्ज की गई थीं। अब जांच एजेंसी विदेश में मौजूद अन्य आरोपियों, इस नेटवर्क को संचालित करने में मदद करने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।