IAF Wing Commander Espionage case chargesheet/नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना और मिलिट्री गतिविधियों से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज को पाकिस्तानी जासूसों को भेजने के आरोप में करीब 6 महीने पहले दिल्ली से गिरफ्तार भारतीय वायु सेना के अधिकारी के खिलाफ दायर चार्जशीट में उसको लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने विंग कमांडर को इस मामले में कथित जासूसी के आरोपों में ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया था।


दिल्ली की एक अदालत में दायर चार्जशीट में बताया गया है कि एयर फोर्स का यह विंग कमांडर कथित रूप से पाकिस्तानी जासूसों को मिलिट्री गतिविधियों से जुड़ी कई संवेदनशील जानकारियां भेज रहा था, जिसमें युद्ध की योजनाओं से जुड़े दस्तावेज, सैन्य ड्रोनों की क्षमता, मिलिट्री तैनाती के लोकेशन और भारतीय फाइटर जेट के फ्रंटलाइन क्षेत्र में मूवनेंट से जुड़ी जानकारियां भी शामिल हैं।
एक न्यूड फोटो के बदले एक 'सीक्रेट वॉर प्लान'

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में यह कहा गया है कि वायु सेना के इस अधिकारी ने पाकिस्तानी 'महिला' जासूस से एक न्यूड फोटो प्राप्त करने के बदले 'युद्ध की गोपनीय योजना' से जुड़ा एक पेज अपलोड किया। इसने उससे यह भी कहा कि हर न्यूड पिक्चर के बदले में एक 'सीक्रेट वॉर प्लान' से जुड़ा नया पेज भेजेगा।


पाकिस्तानी जासूस ने स्पाइवेयर से किया खेल!

  • चार्जशीट में कहा गया है कि गिरफ्तार विंग कमांडर और संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस के बीच इस साल 12 जनवरी से 1 अप्रैल के बीच वॉट्सएप के जरिए संवाद हुए।

  • चार्जशीट के अनुसार आरोपी ने मिलिट्री ड्रोन यूनिट की गोपनीयता, उसकी ट्रायल से जुड़ी जानकारियां और वेपन सिस्टम से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं भी भेजीं।

  • पुलिस के अनुसार पाकिस्तानी जासूस ने अधिकारी के स्मार्टफोन में मैलवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल करा रखे थे, ताकि चेन ऑफ कमांड के बीच संवाद की जानकारी जुटाई जा सके।


उसे जो काम दिया गया, वह पूरा किया...अपने नीचे के पांच अधिकारियों के डिवाइस में कुछ विशेष मैलवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल करा दिए।

पुलिस


लद्दाख में फाइटर जेट के मूवमेंट की सूचनी भी लीक की

  • यही नहीं आरोपी ने लद्दाख के लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती और राजस्थान के सूरतगढ़ स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में युद्धाभ्यास की जानकारियां भी शेयर कीं।

  • चार्जशीट के अनुसार उसके व्हाट्सएप डेटा को खंगालने से पता चला है कि उसने पाकिस्तानी जासूस से कुल 3,008 चैट किए, 65 तस्वीरें साझा कीं, 42 बार वॉयस कॉल हुआ, चार बार वीडियो कॉल भी किया गया और 6 यूआरएल आपस में आदान-प्रदान किया।


क्या है एयर फोर्स के विंग कमांडर का जासूसी मामला

  • दिल्ली पुलिस ने इस साल 30 मई को भारतीय वायु सेना के एक मौजूदा विंग कमांडर को पाकिस्तानी जासूसों के चक्कर में 'हनी ट्रैप'में फंसकर मिलिट्री से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया।

  • उसपर अपने सहयोगी के मोबाइल फोन में भी कथित रूप से डेटा चुराने वाले सॉफ्टवेयर लगाने का आरोप था।

  • तब वायुसेना के प्रवक्ता ने कहा था कि संदिग्ध अधिकारी पर पहले से नजर रखी जा रही थी।

  • हमारे सहयोगी अखबार टीओआई को एक सूत्र ने बताया था कि कई महीनों तक उसपर नजर रखने के बाद उसके बारे में इंटेलिजेंस ब्यूरो को अलर्ट किया गया था।

  • आखिरकार जब भारतीय वायुसेना ने यह सूचना दिल्ली पुलिस को दी, तो उसे औपचारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया।

  • 44 साल के उस अधिकारी को दिल्ली के तिहाड़ जेल में रखा गया है और मामला अदालत में होने की वजह से पुलिस ने उसके नाम का खुलासा नहीं किया।