• गौरव खरे -

निवाड़ी। जिले की प्रतिभाओं ने एक बार फिर क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वॉरियर्स क्रिकेट अकादमी निवाड़ी के तीन होनहार खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तरीय अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में ऋत्विक दिनकर, हिमांशु प्रजापति एवं आदित्य रजक शामिल हैं।

तीनों खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने खेल का बेहतरीन परिचय दिया, जिसके आधार पर उन्हें संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान मिला है। यह प्रतियोगिता 1 नवंबर से 3 नवंबर तक सागर में आयोजित की जाएगी।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर अकादमी में खुशी का माहौल है। अकादमी के कोच सुमित अहिरवार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई।

वॉरियर्स क्रिकेट अकादमी लगातार क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान कर रही है। अकादमी द्वारा बालिकाओं को भी खेल की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।