कैमरन बैनक्रॉफ़्ट ने दावा किया है कि 2018 के सैंडपेपर कांड की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी.
उनके इस विस्फोटक दावे से मौजूदा कप्तान पैट कमिंस पर दबाव बढ़ सकता है.
वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में प्रकाशित अपने विस्तृत बयान में बल्लेबाज़ बैनक्रॉफ़्ट ने केपटाउन में आठ साल पहले हुई घटनाओं का शायद अब तक का सबसे बड़ा ब्यौरा दिया है.
दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच के दौरान सैंडपेपर के साथ पकड़े गए खिलाड़ी वही बैनक्रॉफ़्ट थे.
बैनक्रॉफ़्ट ने कहा, "2018 में पूरी सच्चाई नहीं बताई गई थी. मैंने भी कभी पूरी ईमानदारी से नहीं बताया कि क्या हुआ था."
पिछले दो हफ़्तों से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट फिर से बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर बहस में घिरा हुआ है. इसकी वजह उस्मान ख़्वाजा की आत्मकथा का प्रकाशित होना है.
ख़्वाजा ने अपनी किताब में लिखा कि इस योजना की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी. डेविड वॉर्नर और चाड सेयर्स ने भी इस दावे का समर्थन किया. वहीं कमिंस ने ख़्वाजा के बयान को "ग़लत" और "बकवास" बताया.
'मेरे साथ विश्वासघात हुआ, कमिंस समेत पूरी टीम जानती थी'
जिस दिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सैंडपेपर प्रकरण की समीक्षा के लिए एक फ़ोरम बनाने की घोषणा की, उसी दिन बैनक्रॉफ़्ट ने अपना बयान प्रकाशित किया. उन्होंने कहा कि ऐसा करने की बड़ी वजह कमिंस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस थी.
बैनक्रॉफ़्ट ने कहा, "मेरे लिए यह बयान लिखने की आख़िरी वजह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कप्तान पैट कमिंस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस थी."
"इससे मुझे ग़ुस्सा आया. मुझे लगा कि मेरे साथ विश्वासघात हुआ है और मैं अकेला छोड़ दिया गया हूं."
"मैंने जो देखा, जो अनुभव किया और जिसके साथ जिया, वह सिर्फ़ कमिंस ही नहीं बल्कि दक्षिण अफ़्रीका दौरे पर मौजूद सभी लोगों ने भी देखा था. लेकिन उनकी प्रेस कॉन्फ़्रेंस और पिछले वर्षों में दिए गए बयानों में उस दौर की जो तस्वीर पेश की गई, वह मेरे अनुभव से मेल नहीं खाती."