दिवाली खत्म हो गई है। अब महंगाई का धमाका होना है। मोबाइल फोन, टीवी, फ्रिज और रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें बनाने वाली कंपनियां कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं। कच्चे माल और पैकेजिंग की लागत बढ़ने से कंपनियों का मुनाफा घट रहा है। इसकी भरपाई के लिए कंपनियां अब बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डालेंगी। सैमसंग और शाओमी ने हाल ही में स्मार्टफोन और टैबलेट की कीमतों में 18% तक बढ़ोतरी की है। वहीं, शाओमी ने सोमवार को टीवी के दाम 7% तक बढ़ाने का ऐलान किया। होम अप्लायंस बनाने वाली कंपनियां हायर और गोदरेज ने भी अपने प्रोडक्ट्स की कीमतों में 7% तक इजाफा किया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स सामान 40% तक महंगे


कंपनियों के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट्स की कीमतों में अगले 7 से 10 दिनों में और बढ़ोतरी हो सकती है। इस साल अब तक हुई बढ़ोतरी को मिलाकर स्मार्टफोन की कीमतें 40% से ज्यादा, टीवी की 20% से ज्यादा और घरेलू उपकरणों की कीमतें 15-20% तक बढ़ सकती हैं। हायर इंडिया के सीईओ सतीश एनएस के मुताबिक, कच्चे माल की कीमतें लगातार ऊंची बनी हुई हैं। इससे कंपनियों के लिए मुनाफा बनाए रखना मुश्किल हो रहा है।


बिस्किट, नमक और सॉस भी होंगे महंगे


महंगाई का असर सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक्स सामान तक सीमित नहीं है। रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें बनाने वाली एफएमसीजी कंपनियां भी कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं। पिछली तिमाही में रिफाइंड पाम ऑयल, चीनी, दूध और पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में 7% तक बढ़ोतरी हुई है। इससे कंपनियों की लागत बढ़ गई है। ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज ने अपने 5 और 10 रुपए वाले पैकेट में कीमतें बढ़ाने और सामान की मात्रा घटाने के संकेत दिए हैं। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने भी नमक, सॉस और दूसरे मसालों से जुड़े प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाए हैं। इनकी बढ़ी हुई कीमतें जल्द बाजार में दिख सकती हैं। इससे पहले अमूल, मदर डेयरी ने दूध और आईटीसी ने सिगरेट के दाम बढ़ाए थे।


मोबाइल की बिक्री में 40% गिरावट


एक तरफ कंपनियां कीमतें बढ़ा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ महंगे मोबाइल फोन की वजह से ग्राहकों की खरीदारी घट रही है। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन के चेयरमैन कैलाश लख्यानी के मुताबिक, दिवाली के बाद मोबाइल फोन की बिक्री पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 40% घट गई है। दिवाली के दौरान भी बिक्री में सालाना आधार पर 20% की गिरावट आई थी।


कंपनियां क्यों बढ़ा रही हैं कीमतें?


स्मार्टफोन और टीवी: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े डेटा सेंटर और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग बढ़ने से मेमोरी चिप्स की सप्लाई कम पड़ रही है। इससे चिप्स महंगे हो रहे हैं।

फ्रिज और दूसरे घरेलू उपकरण: कच्चे माल और सामान की ढुलाई यानी फ्रेट लागत बढ़ने से कंपनियों का खर्च बढ़ रहा है।

एफएमसीजी प्रोडक्ट्स: खाने के तेल, चीनी, दूध और पैकेजिंग सामग्री महंगी होने से बिस्किट, नमक, सॉस और दूसरी रोजमर्रा की चीजें बनाने का खर्च बढ़ रहा है।


कच्चा माल और फ्रेट लागत में बढ़ोतरी क्यों?


भारत अपनी जरूरत का करीब 85% कच्चा तेल आयात करता है। तेल महंगा होने से प्लास्टिक, PVC, केमिकल, सिंथेटिक फाइबर और पैकेजिंग बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल भी महंगा हो जाता है।

  • साल 2026 की शुरुआत से स्टील की कीमतें करीब 18% और कॉपर की कीमतें लगभग 4% बढ़ी हैं। इससे मशीनरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनियों की लागत बढ़ रही है।

  • डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया करीब 3% कमजोर हुआ है। इससे विदेशों से खरीदा जाने वाला कच्चा माल, इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स और ऊर्जा पहले के मुकाबले महंगे पड़ रहे हैं।

  • मिडिल ईस्ट में भू-राजनीतिक तनाव के कारण समुद्री व्यापार के कई प्रमुख रास्तों पर असर पड़ा है। जहाजों को लंबे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है, जिससे सामान पहुंचने में ज्यादा समय और पैसा लग रहा है।

  • कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से जहाजों में इस्तेमाल होने वाला ईंधन, डीजल और दूसरे ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ गए हैं। इसका असर कंपनियों की कुल लागत पर पड़ रहा है।​