मिसरोद पुलिस ने साधु के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। एएसआई चेतन गुप्ता के अनुसार 52 वर्षीय नारायण सिंह ठाकुर पिता स्वर्गीय शंकर सिंह ठाकुर बागसेवनिया थाना क्षेत्र स्थित रजत विहार कालोनी में रहते हैं। वह भोपाल जिला न्यायालय में एडिशनल पब्लिक प्रॉसीक्यूटर (अपर लोक अभियोजक) हैं। नारायण सिंह ठाकुर सोमवार को परिवार के साथ नर्मदा स्नान के लिए गए थे। वापस दोपहर करीब एक बजे जब वह लौट रहे थे, तभी मिसरोद क्षेत्र में बापू की कुटिया रेस्टोरेंट के सामने पहुंचे तो ट्रैफिक सिग्नल पर लाल बत्ती हो गई। जिस कारण नारायण सिंह ठाकुर ने कार रोक ली।
कार वहां से गुजर रहे साधु के ठीक सामने जाकर खड़ी हो गई। साधु ने कुछ बात कही तो नारायण ने भी जवाब दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और साधु ने क्रोधित होकर कार की ड्राइविंग के कांच पर त्रिशूल से हमला कर दिया। वहीं दूसरा वार सीधे नारायण सिंह के चेहरे पर किया। हालांकि उन्होंने बचने के लिए अपना बायां हाथ आगे कर दिया तो उस पर चोट लगी और खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों की समझाइश और पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
मिसरोद पुलिस ने केस दर्ज कर साधु से पूछताछ की। उन्होंने अपना नाम अरविंद चौधरी बताया है। वह मूलतः रायसेन के गैरतगंज के रहने वाले हैं और फिलहाल दक्षिणा लेकर जीवन यापन करते हैं।