नई दिल्ली: रूस के सहयोगी लीबिया के बेंगाजी तट पर ड्रोन हमले में रूसी नौसेना के कॉरवेट युद्धपोत मर्करी का डूबना पूरी दुनिया की नौसेना के लिए बहुत बड़ी सबक है। यूक्रेन ने इस हमले को अंजाम देकर यह साबित कर दिया है कि अब किसी नौसेना से लड़ने के लिए नौसेना की जरूरत नहीं रह गई। बल्कि, सस्ते ड्रोन से भी बड़े-बड़े समुद्री जहाजों की दूर से ही जल समाधि दी जा सकती है। इसी को लेकर भारतीय वायु सेना के रिटायर्ड एयर मार्शल संजीव कपूर ने भारतीय नौसेना को आगाह करने की कोशिश की है।
'लीबिया में दिखा नौसैनिक युद्ध का एक नया आयाम'
यूक्रेन ने अपने हमले में सिर्फ रूस के अत्याधुनिक युद्धपोत को ही नहीं डुबोया है, बल्कि उसके उस माल वाहक जहाज को भी ड्रोन से निशाना बनाया है, जो युद्ध के लिए सप्लाई सुनिश्चित करने में लगा हुआ था। इस घटना में पर इंडियन एयर फोर्स के दिग्गज एयर मार्शल संजीव कपूर ने एक्स पर लिखा, 'यूक्रेनी ड्रोन से 1,800 किलोमीटर दूर लीबिया के बेंगाजी तट पर रूसी कॉरवेट मर्करी को डुबोना कुछ ऐसा है, जिसपर ध्यान देने की जरूरत है।'
यूक्रेन ने नौसैनिक युद्ध का एक नया आयाम दिखाया है। स्पष्ट तौर पर इस जहाज को डुबोने के लिए 7 मानवरहित ड्रोन का इस्तेमाल हुआ।
संजीव कपूर, एयर मार्शल (रिटायर्ड)
नौसैनिक युद्ध के भविष्य को लेकर किया आगाह
उन्होंने अपने पोस्ट को भारतीय नौसेना को टैग करते हुए कहा है, 'इससे एक ऐसे असंयमित युद्ध का रास्ता खुला है, जिसमें फिर से सस्ते मानवरहित सिस्टम की ताकत उजागर हुई है, जिसमें किसी नौसेना से भिड़ने के लिए अपनी नौसेना होने की जरूरत नहीं रह गई है। '
भविष्य में नौसैनिक युद्ध और अधिक मानवरहित और स्वायत्त होगा, जिसकी मारक दूरी चिंता का विषय होगी।
संजीव कपूर, एयर मार्शल (रिटायर्ड)
रूसी जहाज का जंगी जहाज डूबना बड़ा सैन्य संदेश
रूस और यूक्रेन के बीच मौजूदा युद्ध फरवरी, 2024 से चल रहा है।
इस दौरान यूक्रेन ने अपने से कहीं ज्यादा ताकतवर रूस के खिलाफ कई बार सस्ते ड्रोन और ड्रोन झुंड का इस्तेमाल कर तबाही मचाई है।
उसने रूस के कई किलोमीटर अंदर तक उसके कई सैन्य ठिकानों, तेल रिफाइनरियों और बुनियादी ढांचे को तबाह किया है।
लेकिन, लीबिया के तट पर 1,800 किलोमीटर की दूरी पर मात्र सात ड्रोन दाग कर रूस के ताकतवर जंगी जहाज को डुबा देना एक बहुत बड़ा युद्ध कौशल साबित हुआ है।
रूस के कॉरवेट युद्धपोत मर्करी डूबने के मायने
रूस का कॉरवेट युद्धपोत मर्करी एक अत्याधुनिक जहाज था, जिसे यूक्रेन से युद्ध शुरू होने के डेढ़ साल बाद मई 2023 में सेवा में शामिल किया गया था।
करीब 20 करोड़ डॉलर से निर्मित स्टील्थ फीचर से लैस बताया जाने वाला यह वॉरशिप एंटी-शिप मिसाइलों, एयर-डिफेंस सिस्टम, एंटी-सबमरीन क्षमता से लैस बताया जा रहा है।
वैसे तो इसे खास तौर पर काला सागर के लिए बनाया गया था, लेकिन रूसी मिलिट्री ने इसका इससे बाहर भी संचालन किया।
लीबिया के तट पर यूक्रेन द्वारा इसे डुबा देने का एक खास जियोपॉलिटिकल संदेश भी है।
क्योंकि यह क्षेत्र काला सागर से बाहर रूस के सहयोगी देश के तट पर है और लंबी दूरी वाले यूक्रेनी ड्रोन का इसमें इस्तेमाल हुआ है।