माउंट मनगनुई: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के चौथे मैच में विल यंग ने शानदार शतकीय पारी खेली है। उन्हें 5 रन के निजी स्कोर पर लगातार दो गेंदों पर जीवनदान मिले थे। पहले रोहित शर्मा और फिर ईशान किशन ने आकिब नबी की गेंदों पर उनके आसान कैच छोड़े थे। इसका फायदा उठाते हुए विल यंग ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और खुलकर अपने शॉट खेले। उन्होंने बेहतरीन शतक लगाया और न्यूजीलैंड के लिए विशाल स्कोर की नींव रख दी।

विल यंग ने इस मैच में अपने वनडे करियर का पांचवां शतक लगाया। वह टिम सीफर्ट के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे थे, लेकिन शुरुआत में नई गेंद से भारतीय गेंदबाजों को काफी स्विंग और मूवमेंट मिल रही थी। ऐसे में वह संभलकर खेले। गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर भी गई, लेकिन किस्मत उनके साथ रही। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे लय हासिल की और शतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
एक छोर पर डंटे रहे विल यंग

जब तक टिम सीफर्ट मैदान पर थे, तब तक वह तेजी से रन बना रहे थे और विल यंग सिर्फ उन्हें स्ट्राइक दे रहे थे। हालांकि, सीफर्ट अर्धशतक लगाकर आउट हो गए। इसके बाद दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन विल यंग डंटे रहे। इस दौरान उन्होंने चौथे विकेट के लिए फिन एलेन के साथ बेहतरीन साझेदारी की। एलेन के आउट होने के बाद भी जमे रहे और अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 11 चौके और 3 छक्के लगाकर शतक पूरा किया।
कैसे छूटे थे दोनों कैच?

न्यूजीलैंड की पारी का दूसरा ओवर लेकर आकिब नबी आए थे। ओवर की पांचवीं गेंद विल यंग के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पहली स्लिप में रोहित शर्मा के पास गई थी। रोहित आसानी से कैच पकड़ सकते थे। गेंद अच्छी हाईट में उनके पास पहुंची थी और रोहित के हाथ भी गेंद तक पहुंचे, लेकिन गेंद छिटक गई और रोहित कैच नहीं पकड़ पाए। ओवर की अगली गेंद पर भी विल यंग के बल्ले का बाहरी किनारा लगा। इस बार गेंद पहली स्लिप और विकेटकीपर के बीच गई। ईशान किशन ने डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से भी छिटक गई। इस तरह विल यंग को दो गेंदों पर लगातार दो जीवनदान मिले।