मध्य प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ गया है। कटनी का करौंदी प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा है। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे चल रहा है। भोपाल, इंदौर-जबलपुर समेत 15 शहरों में पारा 15 डिग्री से कम है।

IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के मुताबिक, दिवाली पर पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। भोपाल में धूप खिली रही। हालांकि, शाम होते ही ठंडक घुल गई।

इस वजह से त्योहार का उत्साह दोगुना रहा। 10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोप) एक्टिव हो रहा है। इस वजह से अगले दो-तीन दिन के अंदर प्रदेश में सर्द हवाएं आने लगेगी। जिससे ठंड बढ़ जाएगी।

पचमढ़ी में 12.6 डिग्री रहा तापमान


मौसम विभाग के अनुसार, करौंदी में तापमान सबसे कम 11.7 डिग्री रहा। शहडोल के कल्याणपुर में 12.6 डिग्री, रायसेन-पचमढ़ी में 12.8 डिग्री, अमरकंटक में 13.1 डिग्री, दमोह में 13.2 डिग्री, रीवा में 13.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, भोपाल में 13.6 डिग्री, इंदौर में 13.7 डिग्री, उमरिया में 13.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 14.4 डिग्री, जबलपुर में 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा।


करौंदी लगातार दो रात से ठंडा

मौसम विभाग की मानें तो कटनी का करौंदी कस्बा प्रदेश में सबसे ठंडा बना हुआ है। बीती रात से यहां न्यूनतम तापमान सबसे कम है। जानकारों का कहना है कि करौंदी गांव विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के ढलान में बसा हुआ है।

सर्दी के मौसम में रात के समय पहाड़ों की ऊपरी चोटियों की हवा तेजी से ठंडी और भारी हो जाती है। इस वैज्ञानिक प्रक्रिया को 'कैटैबेटिक विंड्स' या 'थर्मल इन्वर्जन' कहा जाता है। जिसके कारण मैदानी या ढलान वाले इलाकों में रातें अत्यधिक ठंडी हो जाती हैं। वर्तमान में करौंदी में भी ऐसा ही हो रहा है।

अब जानिए नवंबर में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ेगा। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में, जहां उत्तरी हवाएं सीधी आती हैं, वहां पारा लुढ़केगा। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में रात का टेम्प्रेचर रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।

उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 2.3 डिग्री तक जा चुका है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर में इस महीने बारिश का ट्रेंड है। इस बार नवंबर के शुरुआत में ही बारिश का अलर्ट है। तीसरे और चौथे सप्ताह में सिस्टम एक्टिव होने से भी बारिश हो सकती है।

जानिए, नवंबर में 5 बड़े शहरों का मौसम...

भोपाल: 10 साल में 3 बार बारिश हो चुकी

नवंबर में राजधानी में रात का तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है। पिछले 10 साल से ऐसा ही ट्रेंड रहा है। इस बार भी दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से लुढ़केगा।

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में नवंबर में रात का तापमान 6.1 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था।

इस महीने बारिश होने का ट्रेंड भी है। 10 साल में तीन बार बारिश हो चुकी है। साल 1936 में महीने में साढ़े 5 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है।


इंदौर: 5.6 डिग्री तक जा चुका न्यूनतम पारा

इंदौर में ठंड का असर रहता है। खासकर दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से गिरता है। इस वजह से रातें ठंडी हो जाती हैं और टेम्प्रेचर 10 से 12 डिग्री के बीच रहता है।

हालांकि, 25 नवंबर 1938 को पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक जा चुका है। कभी-कभार बारिश भी हो जाती है। दिन में 31 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है।


ग्वालियर: 1927 में 3 इंच पानी गिरा था

पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्वालियर में पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। 54 साल पहले वर्ष 1970 में टेम्प्रेचर 3 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है।

2 नवंबर 2001 को दिन का तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि यह सामान्य तौर पर 33 से 35 डिग्री के बीच रहता है। इस महीने बारिश भी होती है। 1927 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में 3 बार ऐसा ही मौसम रह चुका है।


जबलपुर: 1946 में 6 इंच से ज्यादा बारिश

पिछले 10 साल में 2022 में न्यूनतम पारा 7.8 डिग्री तक जा चुका है। ओवरऑल रिकॉर्ड 12 नवंबर 1989 को दर्ज किया गया था, तब तापमान 3.9 डिग्री तक पहुंच गया था।

1946 में पूरे महीने 6 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में दो बार बारिश हो चुकी है। दिन में 30 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है।


उज्जैन: न्यूनतम तापमान 10-11° के बीच रहता है

यहां 30 नवंबर 1974 को रात का तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। वहीं, 6 नवंबर 2008 को दिन का तापमान 36.5 डिग्री रहा था।

पिछले 10 साल की बात करें तो न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री के बीच रहा है, जबकि दिन में यह 33 से 35 डिग्री के बीच पहुंच चुका है।