कोरबा महापौर श्री राजकिशोर प्रसाद ने आज निगम के दर्री जोनांतर्गत आने वाले वार्ड क्र. 47 एवं 48 के विभिन्न क्षेत्रों का जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ सघन दौरा किया। वार्डवासियों से भेंट की, उनकी विकासपरक आवश्यकताओं की जानकारी ली, उनकी समस्याओं को जाना तथा निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।
महापौर श्री प्रसाद ने वार्ड क्र. 47 व 48 का आज भ्रमण किया। वार्ड क्र. 48 नागिनभांठा स्थित तालाब का निरीक्षण करते हुए उन्होने तालाब में पचरी निर्माण, तालाब का गहरीकरण एवं सौदंर्यीकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही वार्ड अंतर्गत आने वाली सेमीपाली बस्ती में 50 मीटर सी.सी. सड़क का निर्माण एवं कलवर्ट व नाली बनाने के संबंध में निर्देशित किया ताकि सड़क पर पानी का भराव न हों एवं बरसाती पानी की निकासी सुगमतापूर्वक हो सके। महापौर श्री प्रसाद ने वार्ड क्र. 48 के अंतर्गत सुमेधा स्कूल के पीछे खड़िया बस्ती में सी.सी.सड़क का निर्माण किए जाने के निर्देश दिए, सलियाभांठा स्कूल तक पहुंच मार्ग निर्माण का निररीक्षण किया तथा बस्ती में स्थित सड़क के किनारे नाली निर्माण कराने को कहा। महापौर श्री प्रसाद ने वार्ड क्र. 47 अतंर्गत छत्तीसगढ़ सरकार की महती योजना नरवा, गरवा, घुरूवा, बाड़ी योजनांतर्गत प्रस्तावित नरवा प्रोजेक्ट के स्थल का निरीक्षण किया तथा प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यो की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वार्ड क्र. 47 गोपालपुर झाला माता मंदिर में ओपन शेड निर्माण की मांग वहां के नागरिकों द्वारा की गई, जिस पर उन्होने आवश्यक कार्यवाही करने निर्देशित किया। गोपालपुर बस्ती में सड़क पर पानी का भराव होता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है, सड़क पर पानी न भरे तथा उसकी सुगम रूप से निकासी हों, इस हेतु महापौर श्री प्रसाद ने नाली निर्माण के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं बरेड़ीमुड़ा व डुमरमुड़ा बस्ती में भी सड़क पर पानी भरने की समस्या का निरीक्षण करते हुए उन्होने उक्त स्थानों पर भी नाली निर्माण कराने को कहा। महापौर श्री प्रसाद ने वार्ड क्र. 47 एवं 48 की बस्तियों में पैदलभ्रमण करते हुए वहां के नागरिकों से भेंट की, उनका कुशलक्षेम जाना, समस्याओं की जानकारी ली तथा समस्याओं के निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।