भोपाल। बागमुगालिया एक्सटेंशन कालोनी में सड़क निर्माण के लिए खोदी गईं सड़कें एक महीने से डामरीकरण का इंतजार कर रही हैं। टेंडर जारी होने के बाद निर्माण एजेंसी ने सड़कों की खोदाई कर गिट्टी डाल दी थी, लेकिन करीब माह बाद भी सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है।
इस कारण दोपहिया वाहन चालक फिसल रहे हैं। वहीं, वाहनों की आवाजाही से उड़ती धूल रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
रहवासियों ने किया प्रदर्शन
बार-बार शिकायत के बावजूद काम शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। इसको लेकर रहवासियों ने हाथों में पोस्टर लेकर रविवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
बागमुगालिया एक्सटेंशन कालोनी विकास समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि करीब 85 एकड़ में फैली इस कालोनी में सड़कों के निर्माण के लिए अप्रैल में 17 करोड़ रुपये की लागत से भूमिपूजन किया गया था।
नहीं की गई मरम्मत
योजना के तहत आधी सड़कों का सीमेंट कांक्रीटीकरण किया जा चुका है, जबकि शेष सड़कों पर डामरीकरण होना है। इसके लिए करीब एक महीने पहले सड़कें खोदी गई थीं, लेकिन अब तक डामर नहीं बिछाया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर डामर की कमी और कीमत बढ़ने का हवाला दिया जा रहा है।